हैदराबाद, 25 मार्च।
तेलंगाना के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षकों को वैश्विक शिक्षा पद्धति सीखने का अवसर देने के लिए 40 शिक्षकों का एक दल चार देशों की यात्रा पर भेजने का निर्णय लिया है। यह पहल ‘टीचर्स एक्सपोज़र विज़िट और एजुकेशनल एक्सचेंज प्रोग्राम’ के तहत की जा रही है।
स्कूल शिक्षा निदेशक डॉ. ई. नवीन निकोलस के अनुसार, 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 20 से 24 अप्रैल के बीच फिनलैंड, सिंगापुर, वियतनाम और जापान की यात्रा करेगा। यह दौरा राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के प्रयासों का हिस्सा है। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और क्षेत्रीय संयुक्त निदेशकों को चयनित हेडमास्टर्स, स्कूल असिस्टेंट्स और सेकेंडरी ग्रेड टीचर्स (एसजीटी) की पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल शिक्षा निदेशक ने जिला कलेक्टरों को पत्र लिखकर प्रत्येक जिले से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए तीन-तीन शिक्षकों की पहचान कर प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया था। चयनित 28 शिक्षकों में हेडमास्टर, स्कूल असिस्टेंट और सेकेंडरी ग्रेड टीचर्स शामिल हैं। ये शिक्षक करीमनगर, महबूबाबाद, मेडक, खम्मम, मंचेरियल, संगारेड्डी, हैदराबाद, जंगांव, सिद्धिपेट, नलगोंडा, राजन्ना सिरसिल्ला और रंगारेड्डी जैसे जिलों से हैं।
जिला अधिकारी चयनित शिक्षकों को सूचित करेंगे और अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि करने को कहेंगे। प्रतिभागियों को वीज़ा प्रक्रिया और अन्य यात्रा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी देने के लिए वर्चुअल ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया जाएगा। इस प्रतिनिधिमंडल में शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी शामिल होंगे।












