रायपुर, 11 मार्च।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में एयरफोर्स के विंग कमांडर विपुल यादव ने अपने अस्थायी निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि वे यहां अपने परिवार के साथ रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुधवार सुबह शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार विपुल यादव तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विधायक विश्राम गृह के बंगला नंबर 79 में अपने परिवार के साथ निवास कर रहे थे। वे मूल रूप से हरियाणा के निवासी थे और उनकी आयु लगभग 39 वर्ष बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।











