रायपुर, 20 मार्च।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को भगवान झूलेलाल की जयंती के पावन अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और प्रदेश के नागरिकों, विशेष रूप से सिंधी समाज को चैतीचांद पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भगवान झूलेलाल समरसता, सहनशीलता और जल संरक्षण के प्रतीक माने जाते हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज में आपसी सद्भाव और एकता को बढ़ावा देने का प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने आगे कहा कि चैतीचांद सिंधी समाज का प्रमुख त्योहार है, जिसे झूलेलाल जयंती के साथ-साथ नववर्ष के रूप में भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी नागरिकों के लिए सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति की कामना करते हुए कहा कि ऐसे पर्व समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक धरोहर को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।












