भोपाल, 20 मार्च 2026।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सामाजिक उत्सवों से आपसी प्रेम और भाईचारा बढ़ता है और चेटीचंड का पर्व भारतीयों के हृदय में अखंड भारत का सपना जागृत रखता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को उज्जैन के टावर चौक पर चेटीचंड महापर्व के अवसर पर आयोजित सिंधी समाज के चल समरोह के शुभारंभ के समय उपस्थित नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विक्रम संवत 2083 में बाबा श्री महाकाल की नगरी से देश एवं प्रदेशवासियों को चेटीचंड महापर्व की शुभकामनाएं दी और कहा कि भगवान श्री झूलेलाल की कृपा से सभी स्वस्थ और प्रसन्न रहकर देश की प्रगति में योगदान दें।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। सिंहस्थ 2028 के लिए सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है और नागरिक भी इन कार्यों में अपना योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सम्राट विक्रमादित्य की वीरता, न्यायप्रियता और दानशीलता को याद करते हुए कहा कि उनसे प्रेरणा लेकर शासन सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
डॉ. यादव ने भगवा ध्वज लहराकर रैली का शुभारंभ किया। रैली में विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद और अभिनेत्री जयाप्रदा, अभिनेता आफताब शिवदासानी, तथा तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम गोली उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, संजय अग्रवाल, महेश पारियानी, डॉ. जितेंद्र जेठवानी और बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग भी मौजूद रहे।












