मुंबई, 26 मार्च 2026।
बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आखरी सवाल' का नया पोस्टर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है और दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा रहा है। पोस्टर में एक बड़े 'क्वेश्चन मार्क' के बीच संजय दत्त का गंभीर चेहरा नजर आता है, जो फिल्म के गहरे और विचारोत्तेजक विषय को उजागर करता है। इसके साथ ही 15 मई 2026 को फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने की आधिकारिक तारीख की घोषणा भी कर दी गई है।
पोस्टर की टैगलाइन "वो सवाल जो भारत ने पूछना कभी बंद नहीं किया" फिल्म की थीम को मजबूती देती है। फिल्म में भारत के प्रमुख संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। संगठन की स्थापना 1925 में केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। इसके अलावा फिल्म में एक ऐतिहासिक बैठक को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिसने देश के भविष्य को नई दिशा दी।
'आखरी सवाल' की स्टारकास्ट भी काफी प्रभावशाली है। इसमें अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी, त्रिधा चौधरी और नीतू चंद्रा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर अभिजीत मोहन वारंग ने किया है, जिन्हें मराठी फिल्म 'पिकासो' के लिए 67वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में स्पेशल मेंशन मिला था।
फिल्म को नीम ट्री एंटरटेनमेंट और निखिल नंदा मोशन पिक्चर्स के बैनर तले निर्मित किया गया है। निर्माता संजय दत्त और निखिल नंदा हैं। गंभीर और अनछुए विषय पर आधारित यह फिल्म इतिहास के उन पहलुओं को दर्शकों के सामने लाएगी, जिन पर अब तक कम चर्चा हुई है। अब रिलीज के बाद यह देखना रोचक होगा कि फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।












