भोपाल,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में वन एवं वन्य-जीव संरक्षण हेतु लगातार किए जा रहे प्रयासों के तहत स्टेट टाइगर फोर्स मध्यप्रदेश ने वन्य-जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, नई दिल्ली से प्राप्त इन्टेलिजेंस के आधार पर 18 अगस्त 2023 को ग्यारसपुर, विदिशा से अंतर्राष्ट्रीय बाघ शिकारी एवं तस्कर आदिन सिंह उर्फ कल्ला बावरिया को गिरफ्तार किया था। एसटीएफ की सटीक विवेचना और वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर एकत्रित सबूतों तथा नर्मदापुरम जिला के सहायक अभियोजन अधिकारी द्वारा प्रस्तुत ठोस पक्षों के आधार पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नर्मदापुरम ने 11 फरवरी को सभी तीन आरोपियों को दोषी मानते हुए 4-4 वर्ष का सश्रम कारावास और 25-25 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। वन विभाग ने केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है कि कल्ला बावरिया को नेपाल को सौंपा जाए, जिससे दक्षिण एशिया में फैले इस अंतर्राष्ट्रीय गिरोह द्वारा बाघों के शिकार और अवयवों की तस्करी का नेटवर्क समाप्त किया जा सके। उल्लेखनीय है कि एसटीएफ ने एसएडब्ल्यूईएन, काठमांडू से जानकारी जुटाई जिसमें कल्ला के खिलाफ नेपाल में 2012 और महाराष्ट्र में 2013 में बाघ तस्करी के प्रकरण पाए गए। कल्ला बावरिया कई वर्षों से कई राज्यों की पुलिस, वन विभाग एवं नेपाल सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो द्वारा तलाशा जा रहा था। गिरोह के अन्य सदस्य पुजारी सिंह वल्द रामकुमार सिंह बावरिया और बाघ तस्कर रिंडिक टेरोंपी को एसटीएफ ने 2025 में गिरफ्तार किया था।











