पश्चिम चम्पारण (बगहा), 19 फरवरी।
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान बगहा विधायक राम सिंह ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने छोटकीपट्टी से परसा देऊरवा नड्डा होते हुए कपरधीका तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की मांग करते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
विधायक राम सिंह ने कहा कि यह सड़क काफी संकरी है, जिससे रोज़ाना दुर्घटनाएं होती हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोग आवागमन में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क पथ है, जिससे स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं, मरीज और किसान प्रभावित होते हैं। संकरी सड़क के कारण बड़े वाहनों का परिचालन भी जोखिम भरा हो जाता है।
उन्होंने सरकार से तुरंत सड़क की मरम्मत, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम शुरू करने की मांग की। राम सिंह ने कहा कि सड़क के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी और दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण होगा। सरकार की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।












