धमतरी, 26 मार्च 2026।
जिले में सड़क और आधारभूत संरचना के विकास को गति देने के लिए प्रशासन ने 28.48 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों को मंजूरी दी है, जिससे शहर और गांव के बीच यातायात और सुविधाओं में सुधार होगा।
महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से मिली स्वीकृति के तहत विधानसभा क्षेत्र के छाती–गागरा–कंडेल–देवपुर मार्ग के 9 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। इसके लिए 25.04 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। लंबे समय से जर्जर इस मार्ग की स्थिति सुधारने के बाद यहां आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा।
साथ ही बंद्रा–नवागांव मार्ग के निर्माण को भी हरी झंडी मिल गई है। इस सड़क के बनने से ग्रामीण इलाकों के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और यातायात सुचारू रूप से चलेगा। शहर की सड़कों का नवीनीकरण भी इसी योजना में शामिल है।
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत दानीटोला स्कूल चौक से ट्रेंचिंग ग्राउंड, सीताकुंड तालाब होते हुए गर्ल्स कॉलेज तक सीसी रोड और रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 3.44 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस मार्ग पर हर वर्ष जलभराव और सड़क क्षति की समस्या बनी रहती थी, जिसे अब दूर करने की उम्मीद है।
महापौर रामू रोहरा ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से धमतरी की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और यातायात सुविधा बेहतर होगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और सांसद रूपकुमारी चौधरी का आभार व्यक्त किया।











