इंदौर, 25 मार्च।
मध्य प्रदेश में बुधवार को हुई संभागीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पशुधन योजना के घटक डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनू योजना के कार्यान्वयन में गंभीर लापरवाही उजागर हुई। इस पर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बड़वानी जिले के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक लक्ष्मण सिंह बघेल को निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनू योजना के अंतर्गत 24 मार्च 2026 की स्थिति में बड़वानी जिले को वित्तीय वर्ष में 10 प्रकरणों का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन समीक्षा के दौरान पाया गया कि बड़वानी जिले में पोर्टल पर बैंक द्वारा किसी भी प्रकरण को स्वीकृत या वितरित नहीं किया गया।
शासन की प्राथमिकता वाली इस योजना में सतत मॉनिटरिंग और निर्देश देने के बावजूद लक्ष्मण सिंह बघेल ने अपने कर्तव्यों में रुचि नहीं दिखाई और अपने पदीय दायित्वों में गंभीर लापरवाही और उदासीनता बरती।
उप संचालक लक्ष्मण सिंह बघेल का यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के खिलाफ है। इसके तहत उन्हें नियम 9 के अंतर्गत निलंबित कर उनके मुख्यालय को कलेक्टर कार्यालय, जिला बड़वानी नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते का लाभ मिलेगा।












