भागलपुर, 19 फरवरी।
जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के बाजार के पास जिक्छों पोखर के नजदीक गुरुवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मारी, जिससे टेंपू में सवार कई लोग घायल हो गए। ट्रक चालक घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घायलों में काली प्रसाद और मो. आजीम के पुत्र मो. शाहिद की स्थिति गंभीर थी। शाहिद के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी जान जोखिम में थी। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घटना स्थल पर मुखिया पुत्र गौरव साह, पंचायत समिति प्रतिनिधि विजय साह और समाजसेवी रंजीत पासवान ने राहत कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने शाहिद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मायागंज रेफर किया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।











