भोपाल, 23 मार्च।
महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजवादी विचारधारा के प्रेरक और 'सप्त क्रांति' के प्रवर्तक डॉ. राम मनोहर लोहिया तथा अमर शहीद एवं युवा क्रांतिकारी हेमू कालाणी की आज सोमवार को जयंती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया को याद करते हुए लिखा कि स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी चिंतक डॉ. लोहिया जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। उनके लोकतंत्र के प्रति अडिग विश्वास, गरीबों के कल्याण के प्रति समर्पण और अद्भुत नेतृत्व क्षमता युवाओं के लिए देश सेवा की दिशा में हमेशा प्रेरणास्पद रहेगी।
एक अन्य संदेश में मुख्यमंत्री ने युवा क्रांतिकारी हेमू कालाणी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मां भारती के वीर सपूत हेमू कालाणी जी की जयंती पर उन्हें विनम्र नमन। अल्पायु में ही उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपनी ऊर्जा और साहस से आंदोलनों को प्रोत्साहित किया और जनता को जागरूक किया। उनके योगदान का ऋण राष्ट्र कभी नहीं चुका सकेगा।













