लखनऊ, 17 मार्च।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए और उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
मुख्यमंत्री योगी ने स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा को लोकप्रिय राजनेता, कुशल प्रशासक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताया। उन्होंने कहा कि बहुगुणा ने उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं और प्रदेश को प्रगति की दिशा में अग्रसर किया।
योगी आदित्यनाथ ने यह भी बताया कि हेमवती नंदन बहुगुणा का जन्म तत्कालीन उत्तर प्रदेश (वर्तमान उत्तराखंड) के जनपद पौढ़ी के एक छोटे से गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही प्राप्त की और आगे की पढ़ाई के लिए प्रयागराज का रुख किया। उच्च शिक्षा के दौरान वे छात्रनेता के रूप में देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े और स्वतंत्र भारत में सामाजिक जागरूकता व राष्ट्रीय चेतना को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1942 में प्रयागराज में छात्रनेता के रूप में उनकी गिरफ्तारी हुई। स्वतंत्र भारत में उन्होंने जनप्रतिनिधि, प्रदेश सरकार के मंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में उल्लेखनीय कार्य किए। हेमवती नंदन बहुगुणा द्वारा प्रयागराज और उत्तर प्रदेश में किए गए जनकल्याणकारी कार्य समाज के हर तबके और देश की समृद्धि के लिए थे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधायक जय देवी, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, डॉ. अम्मार रिजवी, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी और पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।











