सीहोर, 04 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को बुधनी जनपद के ग्राम जोशीपुर स्थित नर्मदा गुंजारी घाट पर जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत चल रहे स्वच्छता कार्य में श्रमदान किया। इस अवसर पर उन्होंने दादा गुरुजी से भेंट कर उनसे प्राकृतिक औषधीय गुणों और प्रकृति से जुड़ाव के महत्व पर चर्चा की।
मंत्री पटेल ने इस अभियान को निरंतर चलने वाला जनआंदोलन बताते हुए कहा कि यह केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे संगम स्थलों की सफाई, सौंदर्यीकरण और संरक्षण के कार्य नियमित रूप से जारी रखें। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की कि वे जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि नदियाँ केवल जलधाराएं नहीं हैं, बल्कि हमारी सभ्यता और संस्कृति की जीवनरेखा हैं। इनकी पवित्रता बनाए रखना सभी का साझा दायित्व है। इस दौरान मंत्री पटेल ने लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
इस कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष महेंद्र सिंह शर्मा, एसडीएम दिनेश सिंह तोमर, तहसीलदार ललित सोनी, जनपद सीईओ सुप्रिया दुफरे समेत अन्य अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे। मंत्री की इस पहल से न केवल स्थानीय लोगों में जागरूकता बढ़ी, बल्कि जल स्रोतों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर नए प्रयासों को भी बल मिला।












