अशोकनगर, 3 अप्रैल, 2026।
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में आज केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का प्रवास शुरू हो गया। वे जिले में विभिन्न विकास कार्यक्रमों और स्थानीय आयोजनों में भाग लेंगे तथा नागरिकों को विकास कार्यों की सौगात प्रदान करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री सिंधिया सुबह 11 बजे ग्राम कजराई में नए ब्रिज और पंचायत भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके पश्चात वे दोपहर 12.35 बजे ग्राम सीगोन और दोपहर 1.15 बजे ग्राम गरेठी में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
दोपहर 2 बजे केंद्रीय मंत्री पिपरई पहुंचेंगे, जहां जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनेंगे और आवश्यक निर्देश देंगे। इसके बाद वे सायं 5 बजे नगर परिषद मैदान, मुंगावली में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
सिंधिया रात्रि 8.45 बजे शांतिनाथ मंदिर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे और उसके पश्चात सर्किट हाउस अशोकनगर में रात्रि विश्राम करेंगे। मंत्री का यह प्रवास जिले के विकास और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












