गुवाहाटी, 3 अप्रैल, 2026।
असम में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार अभियान को और गति दे दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता आज राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे और उम्मीदवारों के समर्थन में मतदाताओं से संवाद करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज पुनः असम पहुंचेंगे। वे कमलपुर, मंगलदै और न्यू गुवाहाटी में चुनावी सभाओं को संबोधित कर पार्टी एवं राजग समर्थित उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे। वहीं, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ऊपरी असम के नाहरकटिया और तिनसुकिया के टिंगखोंग क्षेत्र में प्रचार अभियान में भाग लेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरपेटा और बरसोला विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन गोलकगंज, दुधनै और पलाशबाड़ी में विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस भी चुनावी प्रचार में सक्रिय है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट आज विभिन्न चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, एआईयूडीएफ के समर्थन में हैदराबाद के सांसद असदुद्दिन ओवैसी भी कई जनसभाओं में भाग लेंगे और अपने समर्थकों से संवाद करेंगे।
इस प्रकार असम में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं और राज्य में चुनावी माहौल गर्मा गया है। भाजपा, कांग्रेस और एआईयूडीएफ सभी प्रमुख नेता जनसभाओं के माध्यम से मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने में जुटे हैं, जिससे आगामी चुनाव के परिणाम पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है।











