अहमदाबाद, 05 नवंबर।
युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी दिविजा पॉल ने चेन्नई में आयोजित डब्ल्यूटीटी यूथ कंटेंडर 2026 में अंडर-13 एकल वर्ग का खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन की पहल ‘गर्व है’ से जुड़ी दिविजा ने 23 से 26 अक्टूबर तक हुई इस प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के साथ अंडर-15 मिश्रित युगल वर्ग में भी दम दिखाया और सेमीफाइनल तक पहुंचीं। दिविजा ने कहा कि ‘गर्व है’ की जर्सी पहनकर चेन्नई में जीत हासिल करना उनके लिए यादगार अनुभव है। उन्हें मिले समर्थन से यह विश्वास मजबूत हुआ कि लोग उनकी सफलता में भरोसा रखते हैं। अब उनका ध्यान जालंधर में होने वाली आगामी अल्टीमेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप पर है। चेन्नई की जीत से पहले दिविजा फिलीपींस के प्यूर्टो प्रिंसेसा में डब्ल्यूटीटी यूथ कंटेंडर 2026 का अंडर-13 स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 2025 और 2026 में वडोदरा में आयोजित प्रतियोगिताओं में भी अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग के स्वर्ण पदक हासिल किए।
दिविजा ने इसी महीने पंचकूला में राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के अंडर-13 बालिका वर्ग में कांस्य पदक जीता था। वर्ष 2023 में पहला राष्ट्रीय खिताब मिलने के बाद उन्होंने पेशेवर खिलाड़ी बनने का लक्ष्य मजबूत किया। वर्ष 2025 में दिल्ली में आयोजित यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में उन्होंने अंडर-13 खिताब जीता और उसी साल गांधीनगर में राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप के अंडर-13 युगल वर्ग में भी विजेता बनीं। लगातार मिल रही सफलताओं के साथ दिविजा युवा टेबल टेनिस में अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं।











