बार्सिलोना, 04 नवंबर।
बार्सिलोना के युवा खिलाड़ी लामिन यामल ने यूईएफए चैंपियंस लीग में नया इतिहास रच दिया है। एस्टन विला के खिलाफ मंगलवार रात गोल करते ही वह 20 वर्ष से कम उम्र में इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने फ्रांस के स्टार फुटबॉलर किलियन एमबाप्पे का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
19 वर्षीय यामल ने कैंप नोउ में मुकाबले के सातवें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाया। चैंपियंस लीग में यह उनका 14वां गोल रहा। इससे पहले किशोर उम्र में सर्वाधिक 13 गोल करने का रिकॉर्ड एमबाप्पे के नाम था। बार्सिलोना ने इस मुकाबले में एस्टन विला को 3-0 से शिकस्त दी। दूसरे हाफ में राफिन्हा ने दो गोल कर टीम की जीत पक्की की।
यामल लगातार नए मुकाम हासिल कर रहे हैं। उन्होंने चैंपियंस लीग के केवल 37 मुकाबलों में 14 गोल पूरे कर लिए हैं। अभी वह 20 वर्ष के नहीं हुए हैं और उनका 20वां जन्मदिन अगले साल जुलाई में आएगा। ऐसे में उनके पास अपने ही रिकॉर्ड को और बेहतर बनाने का अवसर रहेगा।
एमबाप्पे प्रतियोगिता में अब तक कुल 72 गोल कर चुके हैं और सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। हालांकि, 20 वर्ष से कम उम्र में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड अब यामल के नाम दर्ज हो गया है।











