जयपुर, 04 नवंबर।
आस्था, अध्यात्म, सनातन संस्कृति और विज्ञान के आपसी संबंधों पर आधारित हिंदी फिल्म ‘देवी विज्ञानम’ का ट्रेलर जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में फिल्म के कलाकार टीकू तलसानिया, पूजा जोशी, के. आर्यवर्धन और चेतन धनानी के साथ निर्देशक कर्तव्य शाह तथा किंग प्रोडक्शन हाउस की टीम मौजूद रही।
निर्देशक कर्तव्य शाह के अनुसार, फिल्म में सांस्कृतिक विरासत, आस्था और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को एक अलग तरीके से सामने लाने का प्रयास किया गया है। कहानी के जरिए दर्शकों को विचार करने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा देने का लक्ष्य रखा गया है।
टीकू तलसानिया ने फिल्म के विषय को अपने लिए नया और सोचने पर मजबूर करने वाला बताया। पूजा जोशी ने इसे अपने करियर का यादगार अनुभव बताते हुए विश्वास जताया कि दर्शक फिल्म की कहानी और भावनाओं से जुड़ाव महसूस करेंगे।
किंग प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी ‘देवी विज्ञानम’ का निर्देशन कर्तव्य शाह ने किया है। फिल्म में टीकू तलसानिया, पूजा जोशी, के. आर्यवर्धन और चेतन धनानी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म 4 दिसंबर को देशभर के सिनेमाघरों में पैन इंडिया स्तर पर रिलीज की जाएगी।












