एंटीगुआ और बारबुडा, 05 नवंबर।
भारत ने गयाना के साथ अपने कूटनीतिक और विकास साझेदारियों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एंटीगुआ और बारबुडा में गयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली से मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण भेंट के दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेताओं ने आपसी हितों से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों जैसे व्यापार, निवेश, ऊर्जा, कृषि और बुनियादी ढांचे के विकास पर व्यापक चर्चा की।
इस उच्च स्तरीय बैठक में भारत ने गयाना को सड़क, स्वास्थ्य और रक्षा परियोजनाओं के लिए 50-करोड़ डॉलर (500 मिलियन डॉलर) की क्रेडिट लाइन बढ़ाने का बड़ा ऐलान किया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार भारत ने पहले भी गयाना में कई विकास कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए हैं, और यह नई ऋण सुविधा दोनों देशों के बीच आपसी साझेदारी को और अधिक प्रगाढ़ बनाएगी।
मुलाकात के बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए तीन महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें सूक्ष्म और लघु उद्यमों के लिए विनिर्माण परियोजनाओं की आपूर्ति व स्थापना से जुड़ा समझौता तथा त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाओं के क्रियान्वयन हेतु अनुदान सहायता का समझौता भी शामिल है।












