हरिद्वार, 30 मार्च।
उत्तराखंड परिवहन विभाग ने चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यावसायिक यात्री वाहनों हेतु ग्रीन कार्ड प्रणाली शुरू कर दी है। इस नई प्रणाली का औपचारिक उद्घाटन सोमवार को एआरटीओ कार्यालय रोशनाबाद, हरिद्वार में प्रदेश के परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज, विज्ञान प्रौद्योगिकी व जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया।
ग्रीन कार्ड के माध्यम से चारधाम यात्रा में चलने वाले वाहनों की तकनीकी फिटनेस और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। इसके जरिए वाहन की फिटनेस के प्रमाण के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में वाहन संबंधी सभी महत्वपूर्ण जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सकेगी।
परिवहन विभाग ने बताया कि वाहन स्वामी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक शुल्क जमा कर सकते हैं। उसके बाद नजदीकी परिवहन कार्यालय में वाहन का तकनीकी निरीक्षण कर ग्रीन कार्ड प्राप्त किया जा सकेगा। इससे यात्रा अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित होगी।
इस अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, उप परिवहन आयुक्त सुनील शर्मा, शैलेश तिवारी और आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून डॉ. अनीता चमोला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम आरटीओ (प्रशासन) देहरादून संभाग संदीप सैनी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
हरिद्वार और रुड़की के एआरटीओ (प्रशासन) और एआरटीओ (प्रवर्तन) अधिकारियों ने कार्यक्रम में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। परिवहन विभाग का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक पहलें निरंतर जारी रहेंगी।











