अनूपपुर, 26 मार्च।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से होकर गुजरने वाली दुर्ग-हरिद्वार साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन का परिचालन अप्रैल माह से शुरू होगा। यह ट्रेन यात्रियों को गर्मियों में सुरक्षित और कंफर्म बर्थ के साथ यात्रा सुविधा प्रदान करेगी।
रेल प्रशासन ने बताया कि गाड़ी संख्या 08743 दुर्ग-हरिद्वार साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन, दुर्ग से 19 अप्रैल से 28 जून तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। वहीं गाड़ी संख्या 08744 हरिद्वार-दुर्ग साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन, हरिद्वार से 20 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। दोनों गाड़ियों में 18 कोच की सुविधा रहेगी, जिसमें 2 एसएलआरडी, 4 जनरल, 10 स्लीपर और 2 एसी-III कोच शामिल हैं।
समय सारिणी के अनुसार, दुर्ग-हरिद्वार ट्रेन रविवार को सुबह 11 बजे रवाना होगी और मार्ग के प्रमुख स्टेशनों रायपुर, भाटापारा, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल एवं उमरिया से होते हुए सोमवार को हरिद्वार पहुंचेगी। हरिद्वार-दुर्ग ट्रेन सोमवार को 18.55 बजे प्रस्थान करेगी और मार्ग में मुख्य स्टेशनों से होते हुए बुधवार को दुर्ग पहुंचेगी।
रेल मंडल ने बताया कि दोनों दिशाओं में ट्रेन रायपुर, भाटापारा, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, झाँसी, ग्वालियर, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, कोसीकलाँ, निज़ामुद्दीन और मेरठ नगर स्टेशन पर ठहराव करेगी।
यह समर स्पेशल ट्रेन यात्रियों को विशेष सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में मददगार साबित होगी।












