पूर्वी सिंहभूम, 19 फ़रवरी।
टाटानगर रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण और विकास कार्य को तेज करने के लिए रेलवे प्रशासन ने गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। स्टेशन चौक से कीताडीह जाने वाली सड़क के किनारों पर वर्षों से संचालित हो रही दुकानों को हटाने के लिए तीन बुलडोजर तैनात किए गए।
अभियान की जानकारी पहले ही मिल जाने के कारण अधिकांश दुकानदारों ने अपने सामान को हटा लिया, जिससे तोड़फोड़ की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। सुबह से ही रेलवे इंजीनियरिंग विभाग, रेल पथ निरीक्षक और आरपीएफ की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर उपस्थित रही। अभियान के तहत गोलपहाड़ी क्षेत्र समेत लगभग 24 दुकानों को हटाया गया। कीताडीह रोड को अतिक्रमण मुक्त करने का यह कदम स्टेशन क्षेत्र के प्रस्तावित विकास कार्य को बाधा रहित बनाने के लिए लिया गया।
22 जनवरी को उच्च न्यायालय ने सड़क किनारे व्यवसाय कर रहे दुकानदारों को एक माह की मोहलत दी थी और रेलवे प्रशासन को 42 दिनों में प्रभावित लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। अगली सुनवाई 20 मार्च को तय है। हालांकि, अभी तक वैकल्पिक स्थान तय नहीं होने के कारण दुकानदार असमंजस में हैं।
कार्रवाई के दौरान किसी विवाद की आशंका को देखते हुए दंडाधिकारी और पुलिस जवान मौजूद थे। अभियान शांतिपूर्ण रहा और किसी बड़े हंगामे की सूचना नहीं मिली। रेलवे प्रशासन ने कहा कि यह कदम स्टेशन क्षेत्र को व्यवस्थित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक था।











