पूर्वी सिंहभूम, 01 अप्रैल।
सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक भयंकर हमले की घटना सामने आई, जिसमें दो युवकों को धारदार हथियार और गोली से गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
घटना छायानगर स्थित अमित स्टोर डब्बा लाइन के पास हुई, जहां सन्नी पुष्टि उर्फ जगन्नाथ पुष्टि और नंदू लोहार पर अचानक हमला हुआ। हमलावरों ने दोनों पर चापड़ जैसे धारदार हथियारों से वार किया और गोली चलाने की भी सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डीएसपी हेडक्वार्टर वन भोला प्रसाद ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मौके से बरामद गोलियां यह दर्शाती हैं कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे।
घायल नंदू लोहार किसी तरह परिजनों तक पहुंचा और घटना की जानकारी दी, जबकि सन्नी पुष्टि गंभीर हालत में वहीं मिला। दोनों को तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल सन्नी की बहन सोनी ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे सुरभुइया के बेटे संजय भुइयाँ, पाल भुइयाँ और आजाद भुइयाँ, दीपाली का बेटा करण, टकलू लोहार का बेटा प्रिंस लोहार और अन्य लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रामनवमी के दौरान हुए विवाद के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी, जो अब हमले के रूप में सामने आई।
पुलिस ने शुरुआती जांच में धारदार हथियार से हमले की पुष्टि की है, जबकि बरामद गोलियां फायरिंग की ओर भी इशारा करती हैं। बताया जा रहा है कि एआरजेड ग्रुप से जुड़े युवकों की संलिप्तता भी सामने आ रही है।
सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की छापेमारी जारी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।












