पश्चिमी सिंहभूम, 31 मार्च।
पश्चिम सिंहभूम जिले के गिधनी रेलवे स्टेशन पर 12 अप्रैल से 18 अप्रैल तक यात्रियों की सुविधा के लिए कई ट्रेनों का अस्थायी दो मिनट का ठहराव रखा जाएगा। यह विशेष इंतजाम श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र नववर्ष उत्सव 1433 के आयोजन को देखते हुए किया गया है, ताकि उत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
रेलवे प्रशासन ने मंगलवार को बताया कि सक्षम अधिकारियों की मंजूरी के बाद यह विशेष ठहराव लागू किया गया है। इस दौरान हावड़ा-टाटा स्टील एक्सप्रेस, टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस, हावड़ा-जूनागढ़ रोड इस्पात एक्सप्रेस, जूनागढ़ रोड-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस, हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस, कांताबांजी-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस के साथ ही हावड़ा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस और रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस गिधनी स्टेशन पर निर्धारित समयानुसार दो मिनट के लिए रुकेंगे।
इसके अतिरिक्त, 18 अप्रैल को हावड़ा-घाटशिला मेमू एक्सप्रेस और घाटशिला-हावड़ा मेमू एक्सप्रेस का विशेष संचालन भी किया जाएगा। यह कदम स्थानीय यात्रियों और उत्सव में आने वाले लोगों को अतिरिक्त राहत देने के लिए उठाया गया है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के समय की जानकारी अवश्य जांच लें और इस अस्थायी ठहराव का लाभ उठाएं। यह व्यवस्था केवल उत्सव की अवधि तक ही प्रभावी रहेगी।












