28 मार्च, पश्चिमी सिंहभूम
उपायुक्त चंदन कुमार ने शनिवार को चाईबासा सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का चालू वर्ष का पहला त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, ताकि पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण में उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनरेटर रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। ईवीएम रखे गए कमरों की सीलिंग और सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आगामी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर चर्चा हुई। बैठक में मतदाता सूची तैयार करने, उसमें संशोधन और पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त चंदन कुमार ने बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों को बूथ लेवल एजेंट-द्वितीय (बीएलए -2) की नियुक्ति, उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए -2 की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न किया जा सके।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे, जिनमें कांग्रेस के त्रिशानु राय, भाजपा के रंजन प्रसाद, झामुमो के विश्वनाथ बाड़ा, आजसू के सुजीत गिरी और बसपा के जेम्स हेम्ब्रम शामिल थे।











