पूर्वी सिंहभूम, 01 अप्रैल।
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड के खण्डामौदा चौक के पास बुधवार सुबह एक भयावह सड़क हादसा हुआ। टेम्पो चालक हराधन पाईकिरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, खण्डामौदा के रहने वाले हराधन पाईकिरा अपने टेंपो में यात्रियों को लेकर पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लवपुर जा रहे थे। टेंपो में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें प्रदीप बेरा (38), उनकी पत्नी सविता बेरा (27), उनका छह वर्षीय पुत्र शुभम बेरा और गांव के ही मनोरंजन सीट (40) शामिल थे। बताया जा रहा है कि प्रदीप बेरा अपनी पत्नी और बच्चे को इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जा रहे थे।
इसी दौरान खण्डामौदा पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पलट गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में चालक हराधन पाईकिरा सड़क पर गिर गए और ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टेंपो में सवार सभी चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। एनएचएआई की एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सविता बेरा और मनोरंजन सीट की हालत गंभीर देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्चस्तरीय केंद्र में रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टेंपो को जब्त कर लिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा ने बताया कि फरार ट्रक की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।












