टोंक, 23 मार्च।
जिले के अलीगढ़ थाना क्षेत्र के पचाला गांव में एक ही परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दादा और पोते की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरे गांव में हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार पचाला निवासी धारा सिंह मीणा अपने परिवार के साथ बूंदी जिले के लाखेरी कस्बे के पास डडवाड़ा गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल हुए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद रात करीब दो बजे वे अपने कुल आठ सदस्यों के साथ एर्टिगा कार में गांव लौट रहे थे। तभी सवाई माधोपुर जिले के रवाजना डूंगर थाना क्षेत्र के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर से टकरा गई और पलट गई।
हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही 60 वर्षीय रामफूल मीणा और 16 वर्षीय उनके पौत्र आकाश की मौत हो गई।
घायलों में चालक धारा सिंह मीणा (40), उनकी पत्नी कमलेश (35), रामफूल (70) सहित अन्य पांच लोग शामिल हैं। धारा सिंह और उनकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया। वहीं, पायल (18), पलक (14) और अजय (11) सवाई माधोपुर अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
पुलिस ने बताया कि कार के एयरबैग खुलने से चालक की जान बच गई, अन्यथा हादसा और भी गंभीर हो सकता था। अलीगढ़ थाने के एएसआई बाबूलाल के अनुसार, मृतक और घायल सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। चूंकि हादसा सवाई माधोपुर जिले में हुआ, इसलिए मामले की जांच और कार्रवाई वहां की पुलिस द्वारा की जा रही है। हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।











