मुंबई, 02 जून।
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। निर्देशक अभिषेक पाठक ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि फिल्म की शूटिंग का मुख्य चरण पूरा हो चुका है। फिलहाल फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के दौर में है, जिसमें केवल कुछ छोटे पैचवर्क का काम बाकी है। यह फ्रेंचाइजी फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इस तीसरी किस्त में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के अपने प्रतिष्ठित किरदार में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर सामने आई रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार कहानी में अभिनेता जयदीप अहलावत की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, जबकि तब्बू और श्रिया सरन अपने पुराने किरदारों को आगे बढ़ाएंगी।
निर्माता कुमार मंगत पाठक और निर्देशक अभिषेक पाठक ने स्पष्ट किया है कि हिंदी संस्करण की पटकथा मलयालम मूल फिल्म से पूरी तरह अलग होगी। निर्माताओं का कहना है कि जहां मलयालम 'दृश्यम 3' का झुकाव पारिवारिक ड्रामा की ओर अधिक है, वहीं हिंदी संस्करण को एक गहन पारिवारिक थ्रिलर के रूप में ढाला गया है। मेकर्स का दावा है कि हिंदी दर्शकों के लिए एक नया और रोमांचक ट्रैक विकसित किया गया है, जो फिल्म के सस्पेंस को और अधिक ऊंचाई पर ले जाएगा।













