नई दिल्ली, 02 अप्रैल।
रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत और रूस के बीच जारी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान मंतुरोव ने प्रधानमंत्री को व्यापार और आर्थिक साझेदारी, उर्वरक आपूर्ति, कनेक्टिविटी तथा लोगों के बीच संबंधों सहित कई क्षेत्रों में हो रही प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने दोनों देशों के बीच पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को आगे बढ़ाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर पिछले वर्ष दिसंबर में आयोजित 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि उस यात्रा के दौरान हुए समझौतों और निर्णयों को लागू करने की दिशा में दोनों देशों द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने इन पहलों पर संतोष जताते हुए कहा कि भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त सामरिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए दोनों पक्ष प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने इस सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए जारी प्रयासों की सराहना की।











