नई दिल्ली, 27 अप्रैल।
पश्चिम एशिया में संभावित शांति वार्ता को लेकर ईरान की ओर से अमेरिका को नए प्रस्ताव दिए जाने के बाद वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला है। अमेरिकी बाजार पिछली ट्रेडिंग में मजबूती के साथ बंद हुए, हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। दूसरी ओर यूरोपीय बाजार पिछले सत्र में दबाव में रहे, जबकि एशियाई बाजारों में आज व्यापक तौर पर तेजी का रुख बना हुआ है।
अमेरिका के शेयर बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार निवेशकों की खरीदारी बनी रही, जिसके चलते प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.80 प्रतिशत चढ़कर 7,165.08 अंक पर पहुंच गया। वहीं नैस्डेक इंडेक्स 1.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,836.60 अंक पर बंद हुआ।
यूरोप के बाजारों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला। एफटीएसई इंडेक्स 0.75 प्रतिशत गिरकर 10,379.08 अंक पर बंद हुआ। सीएसी इंडेक्स में 0.85 प्रतिशत की कमजोरी आई और यह 8,157.82 अंक पर बंद हुआ। जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स भी मामूली गिरावट के साथ 24,128.98 अंक पर आकर थम गया।
एशियाई बाजारों की बात करें तो यहां अधिकतर सूचकांक तेजी में कारोबार कर रहे हैं। नौ में से आठ प्रमुख इंडेक्स हरे निशान में बने हुए हैं, जबकि केवल सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,903.01 अंक पर ट्रेड कर रहा है।
अन्य बाजारों में गिफ्ट निफ्टी 0.35 प्रतिशत बढ़कर 24,037 अंक पर पहुंच गया है। हैंग सेंग इंडेक्स में 0.13 प्रतिशत की तेजी है। ताइवान वेटेड इंडेक्स में 2.82 प्रतिशत की जोरदार उछाल दर्ज की गई है, जिससे यह 40,029.98 अंक तक पहुंच गया। कोस्पी इंडेक्स 2.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,639.36 अंक पर कारोबार कर रहा है।
इसके अलावा जापान का निक्केई इंडेक्स 1.82 प्रतिशत उछलकर 60,804 अंक पर पहुंच गया है। थाईलैंड का सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.60 प्रतिशत मजबूत हुआ है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में 0.31 प्रतिशत और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 0.15 प्रतिशत की तेजी दर्ज की जा रही है।









