मौसम
24 Apr, 2026

मध्य प्रदेश में भीषण लू का कहर, 11 जिलों में हीट वेव अलर्ट जारी

राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं के प्रभाव के चलते मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार तेज हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में हीट वेव अलर्ट जारी किया गया है, वहीं तापमान भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

भोपाल, 24 अप्रैल।

राजस्थान से आ रही तेज गर्म हवाओं के असर से मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, नर्मदापुरम और सागर संभाग के कई जिलों में लू जैसे हालात बन गए हैं, जिसके चलते मौसम विभाग ने 11 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए नर्मदापुरम में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार जिन जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है उनमें निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर शामिल हैं।

बीते दिन प्रदेश में तापमान सामान्य से लगभग 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक गर्मी नर्मदापुरम में रही, जहां तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। खजुराहो में 43.4 डिग्री और नौगांव में 43 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। सीधी में 42.6 डिग्री, दतिया, दमोह, सागर और टीकमगढ़ में 42.2 डिग्री, रायसेन और रतलाम में 42 डिग्री दर्ज हुआ। सतना में 41.8, मंडला में 41.6, गुना और रीवा में 41.5, नरसिंहपुर और खरगोन में 41.4 डिग्री तापमान रहा। श्योपुर में 41.2, शाजापुर, खंडवा और दतिया में 41.1 तथा उमरिया में 41 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों में जबलपुर में 41.6 डिग्री, भोपाल में 41 डिग्री, ग्वालियर में 40.8 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 40 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। भोपाल सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि नर्मदापुरम में यह 27 डिग्री तक पहुंच गया है। इसे देखते हुए ‘वॉर्म नाइट’ जैसी स्थिति बन रही है, जिसमें रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहता है।

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 27 अप्रैल के आसपास ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से संभव होगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़