देहरादून, 10 सितंबर।
अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी में बारिश के कारण सोलह-सोलह ओवर के किए गए देहरादून टी20 लीग 2026 के रोमांचक खिताबी मुकाबले में सेलाक्वी स्ट्राइकर्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए मूसरी थंडर्स को 39 रनों से करारी शिकस्त देकर उद्घाटन सत्र की ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी सेलाक्वी स्ट्राइकर्स की ओर से विकेटकीपर-बल्लेबाज विजय शर्मा ने तबाही मचाते हुए महज इकतीस गेंदों में पांच चौकों और बारह गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 103 रनों की आक्रामक शतकीय पारी खेली, जिसके दम पर टीम ने तीन विकेट पर 192 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें कप्तान पीयूष जोशी के 27 और संस्कार रावत के 28 रन भी शामिल रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मूसरी थंडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरुआती झटकों के बाद अनमोल शाह (28), कप्तान अखिल सिंह रावत (32) और जोंटी (29) ने संघर्ष तो किया, परंतु निशू पटेल व सिद्धार्थ गुप्ता की घातक गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 14.4 ओवर में 153 रनों पर सिमट गई, और अंत में फाइनल मैच में शानदार शतक जड़ने वाले विजय शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच तथा बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रियंक सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।















