रांची, 11 नवंबर।
आदिवासी महिला नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर ने बुधवार को बताया कि झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को मामले की तत्काल जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश के बाद भी राज्य सरकार की जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती।
राहटकर ने कहा कि कम उम्र में उत्पीड़न के कारण निशा भगत की जान जाना बेहद दुखद और चिंताजनक है। आयोग मामले को गंभीरता से ले रहा है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए जरूरी कदम उठाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से पूछा गया है कि किन परिस्थितियों में निशा भगत की मौत हुई, अब तक क्या कार्रवाई की गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। आयोग ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
परिजनों से मिलकर जुटाई जानकारी
राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम रांची के बाद गुमला पहुंची और निशा भगत के माता-पिता से मुलाकात की। परिजनों ने बेटी के साथ हुई घटनाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए और न्याय की मांग की। राहटकर ने कहा कि परिवार की बातों को गंभीरता से सुना गया है और आयोग आगे की कार्रवाई पर नजर रखेगा।
उन्होंने झारखंड के अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गुमला दौरे के दौरान एसएसपी और उपायुक्त से मुलाकात नहीं हो सकी। रांची में भी अधिकारियों के साथ प्रस्तावित बैठक नहीं हो पाई। डीजीपी से मिलने का प्रयास भी सफल नहीं रहा।
राहटकर ने बताया कि वह दो बार झारखंड का दौरा कर चुकी हैं, लेकिन महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े गंभीर मामलों पर चर्चा के लिए अधिकारियों ने समय नहीं दिया। मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय भी मांगा गया था, लेकिन वहां से भी कोई समय नहीं मिला। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर अधिकारियों का जवाबदेह होना जरूरी है।
536 अन्य महिलाओं के मामले भी आयोग के संज्ञान में
आयोग अध्यक्ष के अनुसार, निशा भगत के मामले के अलावा झारखंड की 536 अन्य महिलाओं से जुड़े उत्पीड़न के प्रकरण भी आयोग के सामने आए हैं। इन मामलों में भी राज्य सरकार की ओर से अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाना आयोग की प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और संबंधित विभागों की जवाबदेही तय कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
सीबीआई जांच की सिफारिश से सरकार की जिम्मेदारी खत्म नहीं
निशा भगत मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश पर राहटकर ने कहा कि इससे राज्य सरकार की जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती। स्थानीय पुलिस ने अब तक जो जांच की है और जो तथ्य व साक्ष्य जुटाए हैं, उनकी पूरी जानकारी सीबीआई को देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जांच में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। स्थानीय पुलिस की ओर से जुटाए गए साक्ष्य सीबीआई को आगे की जांच में मदद करेंगे। आयोग पूरे मामले की निगरानी करता रहेगा।
इससे पहले रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में राहटकर ने निशा भगत की मौत को दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। उन्होंने कहा कि मामले की वास्तविक स्थिति जानने और परिजनों से मिलने के लिए ही वह झारखंड पहुंची हैं।















