तूतीकोरिन, 11 नवंबर।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित अपने पुराने शिक्षण संस्थान व.उ. चिदंबरम कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने छात्र जीवन की यादें ताजा कीं और उन कक्षाओं का दौरा किया, जहां कभी पढ़ाई की थी। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने सहपाठियों से मुलाकात की और उनके साथ उसी कक्षा में बैठकर बातचीत की।
कॉलेज में 75वें स्थापना वर्ष के प्लेटिनम जुबली समारोह और पूर्व छात्र मिलन का आयोजन किया गया था। उपराष्ट्रपति भी इसी कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने सहपाठियों के साथ पढ़ाई के दिनों की घटनाएं और साथ बिताए पुराने पल साझा किए। पुरानी कक्षा में दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और कॉलेज परिसर में भी पूर्व छात्रों के साथ समूह तस्वीर ली। इस दौरान परिसर में भावुक माहौल रहा।
मातृभाषा पर गर्व करने का किया आह्वान
समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने आपातकाल के दौर और उसके विरोध में हुए आंदोलन में अपनी भागीदारी को याद किया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि भारत की ताकत उसकी विविध भाषाओं, संस्कृतियों और समुदायों की पहचान को संरक्षित रखने में है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी मातृभाषा पर गर्व करने और राष्ट्रीय भावना विकसित करने का आह्वान किया। कहा कि युवाओं को तमिल के साथ अन्य भाषाएं भी सीखनी चाहिए और तमिल भाषा की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।
शिक्षा में नई तकनीक और शोध को अपनाने पर जोर
उपराष्ट्रपति ने देश के विकास में शिक्षा की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों का विस्तार हो रहा है। ऐसे में कॉलेजों को अपनी परंपराओं और विरासत को सहेजने के साथ बदलते समय की जरूरतों के अनुरूप खुद को विकसित करना चाहिए।
उन्होंने शिक्षण संस्थानों से नई तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधान और उभरते शैक्षणिक क्षेत्रों को अपनाने का आग्रह किया। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने पर जोर दिया।















