मुरादाबाद, 02 अप्रैल 2026।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी आशु चड्ढा उर्फ मोंटी मुरादाबाद में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त मुठभेड़ में ढेर हो गया। वह उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर था और 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी था।
जानकारी के अनुसार मोंटी मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पोस्टमार्टम हाउस के पास घेराबंदी में फंस गया। पुलिस को घिरता देख उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गोलीबारी में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि आशु चड्ढा मीरपुर कला, हापुड़ का रहने वाला था और हाल ही में उसने मुरादाबाद के प्रतिष्ठित निर्यातक अरशू ढल से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसके अलावा वह उनके खिलाफ जानलेवा हमला करने का भी आरोपी था। एसटीएफ मेरठ फील्ड यूनिट और मुरादाबाद पुलिस की टीमें उसे पकड़ने में लगी थीं।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक स्विफ्ट कार, .32 बोर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री मेड पिस्टल, .32 बोर की रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक, भारी संख्या में खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मोंटी के खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और मुरादाबाद में कुल 36 संगीन मुकदमे दर्ज थे।











