21 मार्च 2026।
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'किंग' के साथ भारतीय सिनेमा में नया रिकॉर्ड बनाने को तैयार हैं और फिल्म के एक्शन सीन को सबसे बेहतरीन बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने खास एक्शन सीक्वेंस के लिए 10 प्रशिक्षित रूसी फाइटर्स को मुंबई बुलाया है, और विले पार्ले स्थित पुराने मिल सेट पर इसकी शूटिंग की तैयारी पूरी कर ली गई है।
सूत्रों के अनुसार, हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस 23 मार्च से मुंबई की गोल्डन टोबैको फैक्ट्री में बनाए गए विशाल सेट पर शूट किया जाएगा और यह लगभग एक सप्ताह तक चलेगा। टीम स्टाइलिश एक्शन के बजाय रियल और जमीनी फाइट कोरियोग्राफी पर जोर दे रही है। खास बात यह है कि शाहरुख खान बिना किसी बॉडी डबल के खतरनाक स्टंट करते नजर आएंगे, जिसके लिए उन्होंने विशेष तैयारी भी की है।
फिल्म का एक और बड़ा आकर्षण विजयदशमी के बैकड्रॉप पर फिल्माया गया एक्शन सीन है, जिसमें सुहाना खान अपने पिता शाहरुख खान के साथ कंधे से कंधा मिलाकर एक्शन करती दिखेंगी। इसके लिए दोनों ने लगातार आठ रातों तक शूटिंग की।
फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है, खासकर इसलिए क्योंकि इसमें अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण और रानी मुखर्जी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'किंग' क्रिसमस 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।












