मध्य प्रदेश
22 Apr, 2026

रवि किशन ने उज्जैन महाकाल मंदिर में की भस्म आरती, लिया बाबा का आशीर्वाद

गोरखपुर सांसद एवं अभिनेता रवि किशन ने उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और देश, प्रदेश व अपने क्षेत्र की समृद्धि की कामना की।

उज्जैन, 22 अप्रैल।

भोजपुरी एवं हिंदी सिनेमा के चर्चित अभिनेता तथा गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने बुधवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल होकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।

मंदिर में प्रवेश के बाद रवि किशन ने नंदी हॉल में पूजा-अर्चना की तथा परंपरागत मान्यता के अनुसार नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से गर्भगृह की चौखट पर शीश नवाकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और जल अर्पित करते हुए श्रद्धापूर्वक मंत्र जाप करते रहे। लगभग 15 मिनट तक मंदिर परिसर में रुककर उन्होंने देश, प्रदेश तथा अपने संसदीय क्षेत्र गोरखपुर की सुख-समृद्धि की कामना की।

दर्शन उपरांत मीडिया से बातचीत में रवि किशन ने स्वयं को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि बाबा महाकाल के चरणों में उपस्थित होने का प्रत्येक अवसर जीवन को धन्य बना देता है। उन्होंने जनता के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि तथा देश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि महाकाल के आशीर्वाद से भारत निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर रहेगा। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इधर भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का भव्य और दिव्य स्वरूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर के पट खुलने के पश्चात पुजारियों ने पंचामृत से अभिषेक कर भांग, चंदन, सिंदूर एवं आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया। शेषनाग का रजत मुकुट, मुण्डमाल और रुद्राक्ष की मालाओं से सुसज्जित स्वरूप को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

भस्म अर्पण की परंपरा के साथ सम्पन्न आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मान्यता के अनुसार भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। पूरे मंदिर परिसर में “जय महाकाल” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़