नई दिल्ली, 17 मार्च।
आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि दोनों टीमों के प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और पैट कमिंस शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहेंगे।
बैंगलुरु टीम के हेजलवुड हैमस्ट्रिंग और एड़ी की नस की समस्या के कारण लंबे समय से मैदान से दूर हैं। माना जा रहा है कि वह कम से कम टीम के पहले दो मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। पिछले पांच महीनों से उन्होंने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेली है। पिछले सत्र में हेजलवुड ने 12 मैचों में 22 विकेट लेकर टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट से जूझ रहे हैं और 28 मार्च को बैंगलुरु के खिलाफ होने वाले पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे। उनकी वापसी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। शुरुआती मुकाबलों में ईशान किशन टीम की कप्तानी संभाल सकते हैं।
कमिंस ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 72 मुकाबलों में 79 विकेट लिए हैं। पिछले दो सत्रों में उन्होंने हैदराबाद के लिए 30 मैचों में 34 विकेट हासिल किए हैं। दोनों प्रमुख तेज गेंदबाजों की गैरमौजूदगी से टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में दोनों टीमों के प्रदर्शन पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।











