धमतरी, 20 मार्च।
चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सिहावा स्थित शीतला शक्ति पीठ में भक्ति और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। शुभ घड़ी में घट स्थापना के साथ माता शीतला के समक्ष मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर दिव्य प्रकाश से जगमगा उठा।
इस वर्ष नवरात्रि के दौरान कुल 1035 दीप प्रज्वलित किए गए हैं, जिनमें 117 घी के दीप और 918 तेल के दीप शामिल हैं। दीपों की इस आकर्षक सजावट ने श्रद्धालुओं के मन में भक्ति और श्रद्धा का संचार किया है। घट स्थापना के समय आचार्य नारायण प्रसाद पाठक ने विधिवत पूजा संपन्न कराते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को संकल्प दिलाया। उन्होंने बताया कि नवरात्रि में आदिशक्ति की उपासना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति के जीवन में कल्याणकारी परिवर्तन आते हैं।
शक्ति पीठ के अध्यक्ष कैलाश पवार ने जानकारी दी कि माता शीतला अपने भक्तों की पीड़ा दूर कर उन्हें सुख और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि स्वंभू स्वरूप होने के कारण इस शक्ति पीठ का क्षेत्र में विशेष धार्मिक महत्व है।
नवरात्रि के दौरान तृतीय दिवस से अष्टमी तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 24 मार्च को राजहंस मानस परिवार अम्बागढ़ चौकी, 25 मार्च को ओम आदित्य मानस परिवार रिसाली, 26 मार्च को मोर मयारू मानस परिवार गुदगुदा तथा 27 मार्च को विद्यार्थी मानस परिवार सांकरा द्वारा भक्ति प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई, जहां श्रद्धालुओं ने माता से जीवन में स्थिरता, साहस और शक्ति की कामना की।
इस आयोजन में समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और सभी ने श्रद्धा भाव से कार्यक्रम में भाग लिया।












