नई दिल्ली, 25 मार्च।
घरेलू सर्राफा बाजार में हाजिर चांदी आज जोरदार तेजी के साथ उभरी। कारोबार के शुरुआती स्तर से ही चांदी की कीमत में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली। दोपहर तक चांदी ने लगभग 15 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़त दर्ज की और देश के अधिकांश शहरों में 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर तक पहुंच गई।
देशभर के बाजारों में चांदी 2,49,800 से 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच बिक रही है। दिल्ली में 2,50,000 रुपये, मुंबई और कोलकाता में 2,49,800 रुपये, जयपुर, सूरत और पुणे में 2,50,100 रुपये, बेंगलुरु में 2,50,300 रुपये, पटना और भुवनेश्वर में 2,49,900 रुपये तथा हैदराबाद में 2,59,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार हो रहा है। चेन्नई में चांदी की कीमत सबसे अधिक 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार कॉमेक्स पर भी दोनों चमकीली धातुओं के भाव में तेजी देखने को मिली। अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 148.50 डॉलर यानी 3.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,550.50 डॉलर प्रति औंस पर और मई डिलीवरी वाली चांदी 3.76 डॉलर यानी 5.41 प्रतिशत बढ़कर 73.33 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
बुलियन मार्केट विशेषज्ञ मयंक मोहन के अनुसार, वैश्विक राजनीतिक तनाव में कमी की उम्मीद और डॉलर के मुकाबले निवेशकों के रुझान में बदलाव ने सोना और चांदी की कीमत को मजबूत किया है। इसके साथ ही औद्योगिक मांग में संभावित वृद्धि ने चांदी के बाजार भाव को और सहारा दिया है।












