नई दिल्ली, 31 मार्च 2026
आज श्री महावीर जयंती के मौके पर घरेलू शेयर बाजार पूरी तरह से बंद रहेगा। इसी तरह कमोडिटी मार्केट में भी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक ट्रेडिंग सत्र बंद रहेगा, जबकि शाम पांच बजे से रात 11:55 बजे तक सामान्य कारोबार जारी रहेगा।
इस सप्ताह शुक्रवार यानी तीन अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण शेयर बाजार बंद रहेगा। ऐसे में इस सप्ताह कुल केवल तीन दिन ही स्टॉक मार्केट में कारोबार होगा। सोमवार को एक दिन का कारोबार हो चुका है और बुधवार तथा गुरुवार को बाजार खुला रहेगा। इससे पहले 27 मार्च को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह में रामनवमी की छुट्टी के चलते शेयर बाजार केवल चार दिन ही सक्रिय रहा।
स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, साल 2026 में जनवरी से दिसंबर तक शनिवार और रविवार के अलावा कुल 16 दिन छुट्टियां घोषित की गई हैं। इस साल मार्च में सबसे अधिक छुट्टियां रही हैं। मार्च में 3 तारीख को होली, 26 तारीख को रामनवमी और 31 तारीख को श्री महावीर जयंती के कारण बाजार बंद रहेगा।
मार्च के बाद 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे, 14 अप्रैल को डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर जयंती, 1 मई को महाराष्ट्र दिवस और 28 मई को बकरीद की छुट्टी रहेगी। जून में केवल 26 जून को मोहर्रम के कारण बाजार बंद रहेगा।
जुलाई और अगस्त में केवल साप्ताहिक छुट्टियां ही रहेंगी। सितंबर में 14 तारीख को गणेश चतुर्थी, अक्टूबर में 2 तारीख को महात्मा गांधी जयंती, अक्टूबर में 20 तारीख को दशहरा, नवंबर में 10 तारीख को दिवाली और बलिप्रतिपदा तथा 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव गुरु परब के कारण स्टॉक मार्केट बंद रहेगा। साल के अंत में 25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी।












