नई दिल्ली, 02 अप्रैल।
ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आक्रामक रुख से वैश्विक बाजारों की घबराहट का असर आज घरेलू शेयर बाजार में भी देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों कमजोर होकर खुले। हालांकि बीच-बीच में खरीदारों ने लिवाली का जोर दिखाने की कोशिश की, लेकिन बाजार की गिरावट को रोक नहीं सके। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 2.04 प्रतिशत और निफ्टी 2.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज सुबह 10 बजे तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट के प्रमुख शेयरों में से सिर्फ टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर हरे निशान में रहे। ये दोनों शेयर 0.18 प्रतिशत से 0.25 प्रतिशत की बढ़त बनाए हुए थे। दूसरी ओर, इंटरग्लोब एवियेशन, सन फार्मास्यूटिकल्स, अदानी पोर्ट्स, श्रीराम फाइनेंस और लार्सन एंड टूब्रो के शेयर 3.24 प्रतिशत से 4.28 प्रतिशत तक गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
अब तक के कारोबार में 2,711 शेयरों में ट्रेडिंग जारी थी, जिनमें से 398 शेयर हरे निशान में और 2,313 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से सिर्फ दो ही हरे निशान में बने रहे, जबकि 28 शेयर लाल निशान में थे। निफ्टी के 50 शेयरों में भी सिर्फ दो शेयर हरे और 48 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 872.27 अंक की कमजोरी के साथ 72,262.05 अंक पर खुला। कारोबार शुरू होते ही बिकवाली का दबाव बढ़ गया। खरीदारों ने बीच-बीच में लिवाली कर बाजार को सहारा देने की कोशिश की, लेकिन सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 1,492.97 अंक गिरकर 71,641.35 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई का निफ्टी आज 296 अंक गिरकर 22,383.40 अंक पर खुला। शुरुआती सुधार के बाद फिर से बिकवाली बढ़ गई और सुबह 10 बजे तक निफ्टी 481.65 अंक टूटकर 22,197.75 अंक पर कारोबार कर रहा था।
पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 1,186.77 अंक यानी 1.65 प्रतिशत बढ़कर 73,134.32 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी ने 348 अंक यानी 1.56 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,679.40 अंक पर बुधवार का कारोबार समाप्त किया था।











