क्रिकेट
06 Jun, 2026

15 साल के वैभव को टीम इंडिया में मौका, टी-20 की कमान श्रेयस के हाथ

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी-20 टीम में शामिल किया गया है, जबकि श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपी गई और सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर हो गए।

नई दिल्ली, 6 जून।

भारतीय क्रिकेट चयन समिति ने टी-20 टीम के लिए बड़ा और चर्चित फैसला लेते हुए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रीय टीम में शामिल किया है। महज 15 वर्ष 71 दिन की उम्र में चयनित होकर वैभव भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ प्रस्तावित टी-20 श्रृंखला के साथ एशियाई खेलों के लिए भी टीम में जगह मिली है।

चयनकर्ताओं ने टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपते हुए उन्हें नया टी-20 कप्तान नियुक्त किया है। तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं टी-20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को न केवल कप्तानी से हटाया गया है, बल्कि इस बार टीम में भी स्थान नहीं मिला है।

घोषित टीम में संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला के लिए विराट कोहली की गैरमौजूदगी में यशस्वी जायसवाल को अवसर दिया गया है।

करीब ढाई वर्ष बाद श्रेयस अय्यर की टी-20 टीम में वापसी हुई है। उनके चयन और कप्तानी को भारतीय क्रिकेट के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। क्रिकेट जगत में इस फैसले की व्यापक चर्चा हो रही है।

वैभव सूर्यवंशी ने चयन के साथ सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में जगह पाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले यह उपलब्धि शेफाली वर्मा के नाम थी, जिन्हें 15 वर्ष 220 दिन की उम्र में राष्ट्रीय टीम में चुना गया था। पुरुष क्रिकेट में सबसे कम उम्र में चयन का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था, जिन्होंने 16 वर्ष 194 दिन की उम्र में टीम में जगह बनाई थी। यदि वैभव को अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का अवसर मिलता है तो वह सबसे कम उम्र में भारत के लिए पदार्पण करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।

युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। इसके अलावा उन्हें मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सर्वाधिक छक्के लगाने के पुरस्कार भी मिले। इसी सत्र में उन्होंने 36 गेंद में शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं, जबकि तीन बार नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए।

दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव हालिया समय में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। टी-20 विश्व कप 2026 में उन्होंने नौ पारियों में 242 रन बनाए, जबकि आईपीएल के 13 मुकाबलों में उनका प्रदर्शन साधारण रहा और वह केवल 270 रन ही बना सके। पूरे सत्र में वह सिर्फ दो बार अर्धशतक तक पहुंच पाए, जिसके चलते टीम में उनकी जगह नहीं बन सकी।

विवरण: 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी-20 टीम में शामिल किया गया है, जबकि श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपी गई और सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर हो गए।

|
आज का राशिफल

कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। कर भला तो हो भला वाली कहावत याद रखें। किसी को हानी पंहुचाने की चेष्टा न करें अन्यथा हानि संभव है। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। कर्ज तथा रोगों से मुक्ति भी संभव है। इच्छित कार्य सफल होंगे। शुभांक-5-6-8

आज का मौसम

भोपाल

27° / 36°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़