ग्वालपाड़ा, 06 जून।
असम के ग्वालपाड़ा जिले के कृष्णाई स्थित हाबराघाट उच्च माध्यमिक विद्यालय में कथित रूप से गोमांस सेवन और हिंदू छात्रों पर उसे खाने का दबाव बनाने के आरोपों के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जिला आयुक्त प्रदीप तिमुंग और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्राप्त आरोपों के अनुसार, विद्यालय में टिफिन के समय नौवीं कक्षा के पांच छात्रों ने कथित तौर पर गोमांस का सेवन किया और दो हिंदू छात्रों को भी इसे खाने के लिए मजबूर करने का प्रयास किया। इस घटना के सामने आते ही स्थानीय अभिभावकों और निवासियों में गहरा आक्रोश है। इसी दौरान, जिला आयुक्त ने कल्याणपुर हाईस्कूल का भी निरीक्षण किया, जहाँ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुबल राभा द्वारा जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर 'बंद कमरे में दंडित करने' के लगाए गए गंभीर आरोपों की भी जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने इन सभी घटनाओं पर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।









