फिरोजपुर, 06 जून।
फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में आठ लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इस भीषण हादसे में करीब 12 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। यह परिवार जलालाबाद के गांव मल्कज़ादे से अपने दिवंगत परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए ब्यास जा रहा था।
हादसा जंगा वाला मोड़ के पास उस समय हुआ जब पिकअप गाड़ी में सवार करीब 25 से 30 लोग डेरा ब्यास की ओर बढ़ रहे थे। गांव हुसैनशाह के समीप एक ट्राले से पिकअप की सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी प्रचंड थी कि गाड़ी के ऊपरी हिस्से में बैठे पांच लोग उछलकर ट्राले के अंदर जा गिरे और कई यात्री बुरी तरह से वाहन के मलबे में फंस गए।
पिकअप में सवार अंशप्रीत ने बताया कि तड़के करीब साढ़े तीन बजे वे अस्थि कलश लेकर घर से निकले थे। पेट्रोल पंप पर रुकने के बाद जैसे ही वे जंगा वाला मोड़ पहुंचे, उनकी गाड़ी सड़क पर खड़े एक ट्राले से जा टकराई। मौके पर पहुंचे फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह ने राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया और पुलिस ने मामले की जांच आरंभ कर दी है।
सिविल अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. निखिल गुप्ता के अनुसार, दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल कई लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने घायलों को समय पर अस्पताल पहुँचाने में मदद की।












.jpg)


