रायगढ़, 06 जून ।
रायगढ़ जिले में महिला पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें गाजियाबाद निवासी सलीम को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार खरसिया क्षेत्र की एक महिला ने हाल ही में सलीम के साथ मंदिर में विवाह किए जाने का दावा करते हुए सुरक्षा की मांग की थी, जिस पर प्रारंभिक जांच की जा रही थी।
इसी बीच एक अन्य युवती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया कि उसका सलीम के साथ लगभग छह वर्षों से संबंध था और इस दौरान उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
युवती ने बताया कि कोरोना काल में सलीम खरसिया क्षेत्र में फेरी का कार्य करता था, उसी दौरान उसकी पहचान हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच संबंध बने, साथ ही विवाह का भरोसा भी दिया जाता रहा।
आरोप है कि सलीम उसे दिल्ली में अपनी बहन के घर भी ले गया था और लगातार शादी का वादा करता रहा, लेकिन बाद में पता चला कि वह दूसरी महिला से भी संबंध में है और विवाह की बात कर रहा है।
युवती ने यह भी बताया कि बाद में सलीम द्वारा दूसरी महिला से मंदिर में विवाह कर लेने की जानकारी मिलने के बाद उसने पुलिस से शिकायत की और अपने साथ धोखे एवं शोषण का आरोप लगाया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी अन्य महिलाओं से भी संपर्क में था और मोबाइल चैटिंग के माध्यम से कई लोगों से बातचीत के प्रमाण सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर संबंधित थाने को सुपुर्द कर दिया है और दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामले में पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है और मोबाइल डेटा सहित अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।









