रायपुर, 06 जून ।
राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।
सूचना पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी करते हुए झाबक पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध युवक को पकड़ लिया, जिसकी पहचान अनिल कुमार साहू निवासी दुर्ग के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप की 249 शीशियां बरामद की गईं, जिन्हें वह अवैध रूप से खपाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने जब उससे वैध दस्तावेज या मेडिकल लाइसेंस की मांग की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और गोलमोल बातें करता रहा, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
आरोपी के कब्जे से नशीली सिरप के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी सहायता से उसके नेटवर्क और संपर्कों की जांच की जा रही है।
बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये बताई गई है, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब मामले में बैकएंड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है ताकि इस अवैध सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।









