कोलकाता, 06 जून।
भांगड़ बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात चिंगड़ीघाटा इलाके से की गई, जहां से वह कथित तौर पर भागने की फिराक में थे।
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसी को सूचना मिली थी कि शौकत मोल्ला इलाके से निकलने की तैयारी में हैं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। वहीं, उनके परिवार का दावा है कि वह खुद एनआईए के सामने समर्पण करने के लिए जा रहे थे। उनकी बेटी ने इसे गिरफ्तारी के बजाय आत्मसमर्पण बताया है।
इससे पहले गुरुवार सुबह एनआईए की टीम ने जीवनतला स्थित उनके आवास पर दबिश दी थी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिले थे। एजेंसी ने उनके बेटे इमरान मोल्ला से सवाल-जवाब किए और घर की छानबीन की। यह पूरी कार्रवाई भांगड़ के दक्षिण बामुनिया में हुए बम धमाके के सिलसिले में हो रही है, जिसमें विधानसभा चुनाव से पहले एक व्यक्ति की जान चली गई थी और काफी लोग जख्मी हुए थे।
इस घटना की जांच पहले पुलिस कर रही थी, लेकिन बाद में मामला एनआईए को सौंपा गया। आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी ने इस पूरे मामले की जांच की मांग उठाई थी। जांच के दौरान कई लोगों को पहले ही दबोचा जा चुका है और अब पूर्व विधायक शौकत मोल्ला पर कानूनी शिकंजा कस गया है।









