फरीदाबाद, 06 जून।
फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गाजीपुर इलाके में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच आंकी गई है। शव पर गंभीर चोटों के निशान और घटनास्थल पर भारी मात्रा में खून देख पुलिस ने प्राथमिक जांच में इसे हत्या का मामला माना है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह दौड़ लगाने आए कुछ युवकों ने मैदान में औंधे मुंह पड़े शव को देखा और पुलिस को सूचित किया। युवक ने सफेद शर्ट और नीली पैंट पहनी थी, और उसके चेहरे व छाती पर नुकीले हथियारों के वार के निशान थे। चेहरे को गमछे से ढका पाया गया, जिससे हत्या के पीछे की रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। मौके पर पहुंचे डबुआ थाना प्रभारी संग्राम दहिया, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल, मृतक की पहचान की जा रही है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।









