जयपुर, 11 सितंबर।
राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक व्यक्ति ने सोते समय अपनी पत्नी और तीन मासूम बेटियों की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी और फरार हो गया।
शुक्रवार की सुबह जब बुजुर्ग पिता ने घर के अंदर खून से लथपथ शव देखे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोपी ने घटना को अंजाम देने से पहले सुबह अपने पिता को चाय पिलाई थी और उसके बाद चुपचाप घर से निकल गया।
पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण के अनुसार राहुल झा नामक आरोपी शेयर ट्रेडिंग का काम करता था जो कुछ दिन पहले ही गुजरात से लौटा था। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
परिजनों का कहना है कि परिवार में किसी तरह का कोई बड़ा विवाद नहीं था और सब कुछ सामान्य चल रहा था। पुलिस अब आर्थिक तंगी, शेयर बाजार के घाटे या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर इस पूरे हत्याकांड की गहराई से छानबीन कर रही है।















